Monday, 9 November 2026

राम राम


राम राम
राम राम, रघुनंदन राम, दीनबंधु पुरुषोत्तम राम! 
रामभद्र, भुवनंदन राम, आदिपुरुष सर्वोत्तम राम!!
अवध के राम, भारत के राम, लखन के राम, अतुल के राम! 
घट-घट में बसे, कण-कण में रमे, तेरे, मेरे और सिया के राम!!

ऋषियों के मंत्रों में, मुनियों के तंत्रों में, वेद और ग्रंथों में, पावन प्रसंगों में! 
तुलसी के छंदों में, रावण के द्वंद्वों में, जीवन के चंदन में, भक्तों के वंदन में!! 
शबरी के बेरन में, केवट के नेहन में, सुमित्रा की क्षमता में, कौशल्या की ममता में! 
जामवंत के ज्ञान में, नल-नील के ध्यान में, सुग्रीव की भक्ति में, अंगद की शक्ति में!!

अंबर के साये में, धरती की माया में, सरिता की धारा में, पावक की ज्वाला में! 
पवन के प्रवाह में, बड़ों की सलाह में, प्रकृति के स्पंदन में, दुखियों के क्रंदन में!! 
पुष्पों के परिमल में, तरुवर की छाया में, दीपों की थाली में, सूरज की लाली में! 
गाँवों की गलियों में, शहरों की टोलियों में, शिशु की तुतलाहट में, बूढों की आहट में!!

साधु के ध्यान में, संतों के ज्ञान में, पंडित के चिंतन में, वेदों के वाचन में! 
त्यागी के त्याग में, तपस्वी के तप में, सत्य के प्रकाश में, पुण्य की तलाश में!! 
न्याय की पुकार में, करुणा के बयार में, जीवन की राह में, मंजिल की चाह में! 
खोए विश्वास में, आशा की आस में, सत्य की परिभाषा में, प्रेम की अभिलाषा में!!

योगी के मान में, वीणा के गान में, कुंभ के स्नान में, भक्तों के दान में! 
आँधी के झकोरे में, समंदर के मोरे में, लहरों के उमंग में, भोर के तरंग में!!
जेल के अंधेरे में, दुखों के बिछे घेरे में, पतझड़ की डाली में, सूनी सी थाली में!
प्रलय की हुंकार में, धनुष की टंकार में, जीत के उल्लास में, प्रभु के विश्वास में!!
 
शुरुआत में राम हैं, अंत में भी राम, जीवन के हर एक पड़ाव में हैं राम!
मेरे रगरग में राम, तेरे कण-कण में राम, दृष्टि में राम है तो सृष्टि में राम!!
सूर्य के प्रकाश में, चंद्र के उल्लास में, कवियों की रचना में, साधक की साधना में!!
भक्ति के उफान में, ज्ञान के विधान में, हर एक समाधान में, मेरे प्रभु श्रीराम में!!

राजेश पाण्डेय 

No comments:

Post a Comment